कर्मचारी 20 दिसंबर को करेगें सीएम आवास कूच

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ उत्तराखंड के बैनर तले दस निगमों के अधिकारी और कर्मचारी पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में 20 दिसंबर को देहरादून में प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। कर्मचारी परेड ग्राउंड से विशाल रैली निकालकर मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच करेंगे। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि महासंघ पिछले कई सालों से पांच सूत्रीय मांग कर रहा है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मजबूरन महासंघ ने आंदोलन की करने का निर्णय लिया है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है।
शुक्रवार को कोटद्वार रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (यातायात शाखा) के शाखा मंत्री कुलदीप प्रसाद ने बताया कि महासंघ लंबे समय से वर्ष 2025 तक दस वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके सभी संवर्ग के कार्मिकों का नियमितीकरण करने, शेष रिक्त पदों पर नई भर्ती करने, राज्य कर्मचारियों की तरह शासन के आदेश निगम कर्मचारियों पर लागू करने, वेतन विसंगति समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने, सभी निगमों में शिथिलीकरण व सातवें वेतन आयोग के अनुसार मकान भत्ता शीघ्र लागू करने और वर्ष 2005 से नियुक्त हुए कर्मचारियों की पेंशन लागू करने की मांग कर रहा है, लेकिन मांगों पर कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने अब आंदोलन की तैयारी कर ली है। बताया कि आंदोलन में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन, वन विकास निगम कर्मचारी संघ, उत्तराखंड पेयजल निगम कर्मचारी महासंघ, डिप्लोमा इंजीनियर संघ जल निगम, गढ़वाल मंडल विकास निगम कर्मचारी संगठन, गढ़वाल मंडल विकास निगम कर्मचारी संघ, कुमाऊं मंडल विकास निगम संयुक्त कर्मचारी महासंघ, तराई बीज निगम रूद्रपुर और प्रदूषण बोर्ड कर्मचारी संगठन भागीदारी करेंगे। कहा कि इस संबध में सभी विभागों के कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *