महाविद्यालय में शुरु हो रोजगारपरक कोर्स

Spread the love

समस्याओं को लेकर छात्र संघ पदाधिकारियों ने दिया कुलपति को ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोजगारपरक कोर्स प्रारंभ नहीं होने पर छात्रसंघ ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि बेहतर शिक्षा के लिए शहर व पहाड़ के युवाओं को अन्य महानगरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। ऐसे में विश्वविद्यालय व प्रदेश सरकार को महाविद्यालय में कोर्स को प्रारंभ करने के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
छात्रसंघ अध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में छात्रों ने श्री देव सुमन विश्वविद्यालय पहुंच कर कुलपति को ज्ञापन दिया। बताया कि कोटद्वार महाविद्यालय में शहर के साथ ही पहाड़ के सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं। पिछले लंबे समय से छात्रसंघ महाविद्यालय में बीबीए, बीसीए, आईटी, एमबीए व एमए ड्राइंग सहित अन्य व्यवसायिक कोर्स शुरु करने की मांग उठा रहा है। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा, बेहतर शिक्षा के लिए युवा पलायन कर रहा है, जिससे अभिभावकों की जेब पर भी अतिरिक्त भार पड़ रहा है। ज्ञापन में छात्रों को डिग्री डिजीटल लॉकर के माध्यम से उपलब्ध करवाने, ऑनलाइन डिग्री आवेदन पोर्टल में सुधार करने की भी मांग उठाई गई। कहा कि ऑनलाइन आवेदन के कई माह बाद भी विद्यार्थियों को समय पर डिग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है। कुलपति ने छात्रसंघ को जल्द ही समस्याओं के निराकरण का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक अनिकेत दुगलचा, राम गोपाल, लक्की आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *