शहर में अतिक्रमण के कारण विकराल हो रही जाम की स्थिति
जयन्त प्रतिनिधि ।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही है। सुबह से रेंग-रेंगकर चल रहे वाहन आमजन के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। सबसे बुरी स्थिति राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही मुख्य मार्गों पर बनी हुई है। जाम के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है।
वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है। जिसके कारण शहर की सड़कों पर इन दिनों वाहनों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। सुबह से लोग खरीददारी करने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। लेकिन, सड़कों पर अतिक्रमण व बेतरतीब तरीके से घूमती रेहड़ी ठेली लोगों की परीक्षा ले रही है। सबसे बुरी स्थिति देवी रोड, स्टेशन रोड, पटेल मार्ग, बदरीनाथ मार्ग, नजीबाबाद रोड पर बनी हुई है। दरअसल, इन स्थानों पर अतिक्रमण के साथ ही सड़क पर ही गैराज भी संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी व त्योहार सीजन में व्यवस्थाएं बेपटरी हो जाती हैं। आमजन को जाम के झाम से जूझना पड़ता है। पार्किंग व्यवस्था के लिए कई बार जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।