ऋषिकेश। चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए ऋषिकेश शहर में अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया गया। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने पुलिस के सहयोग से हरिद्वार मार्ग से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों से निगम कर्मियों की नोकझोंक भी हुई्र, लेकिन निगम कर्मियों की सख्ती के चलते उनकी नहीं चली। टीम ने कई अतिक्रमणकारियों के सामान भी जब्त कर लिए। सोमवार से पूरे शहर में वृहद स्तर पर नगर निगम, लोनिवि और पुलिस अतिक्रमण हटाएगी। दरअसल, 28 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। ऐसे में शहर में वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ जायेगा। शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं है, जहां पर अतिक्रमण नहीं किया गया हो। ठेली-रेहड़ी वालों के अतिक्रमण से सड़क के फुटपाथ चलने लायक नहीं हैं। ऐसे में चारधाम यात्रा के दौरान जहां यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। वहीं सड़कों पर जाम की समस्या पैदा होती है। इससे निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने ऋषिकेश में हरिद्वार मार्ग से सड़क पर किया अतिक्रमण हटाया। अतिक्रमण हटने के बाद मार्ग पर यातायात भी सामान्य हो गया है। यहां सड़क के दोनों छोरों पर दुकानें लगने से जाम आम हो गया था। नगर आयुक्त शैलेन्द्र नेगी ने बताया कि चारधाम यात्रा के चलते शहर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को हरिद्वार मार्ग से अतिक्रमण हटाया गया। शनिवार से 20 अप्रैल तक हर दिन अभियान चलाया जाएगा। बीते दो दिनों से पुलिस मुनादी कर अतिक्रमण हटाने को कह रही है। ऐसे में यदि सड़क पर किया अतिक्रमण न हटाया गया तो निगम उनका सामान जब्त करने के साथ जुर्माना भी वसूलेगा।
अतिक्रमण से लग रहा शहर में जाम: शहर के व्यस्त मार्गों पर सड़क पर दुकान सजाने से मार्ग संकरा हो गया है। जिससे मार्गों से वाहन निकालना मुसीबत बन जाता है। शहर के रेलवे मार्ग, मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र मार्ग, त्रिवेणी घाट मार्ग, तिलक मार्ग, दून मार्ग एवं पुराना टिहरी बस अड्डा मार्ग पर बेतरतीब खड़ी ठेलियां एवं सड़क पर दुकान के आगे सामान लगाने से जाम लगता है। इन मार्गों पर कई फिट तक सड़क के दोनों छोर पर दुकान बढ़ा दी जाती है। पहले भी निगम ने पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया। लेकिन अभियान बंद होते ही फिर सड़क पर दुकानें लगा दी गई। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी लगातार व्यापारियों को प्रशासन का सहयोग करने को कह रहा है। महासचिव प्रतीक कालिया का कहना है कि प्रशासन को चारधाम यात्रा के लिये पूर्ण सहयोग किया जायेगा।