जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्रवासियों ने ऊर्जा निगम से स्मार्ट मीटर को हटाकर नए मीटर लगाने की मांग की है। कहा कि स्मार्ट मीटर गरीब परिवारों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहा है। ऐसे में इसके लिए सरकार को भी गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
शनिवार को स्थानीय लोगों ने तहसील परिसर में धरना दिया। धरना देने वालों में आमपड़ाव, लकड़ीपडाव, ध्रुवपुर, कंभीचौड़, लालपानी सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल थे। लोगों ने कहा कि ऊर्जा निगम की ओर से जबरन उनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। इन स्मार्ट मीटरों में खपत से ज्यादा बिल आ रहा है, जबकि पुराने मीटरों में खपत के अनुसार ही बिल आ रहे थे, लेकिन विभाग ने जोर जबरदस्ती कर पुराने मीटरों को उखाड़ कर उनके स्थान पर स्मार्ट मीटर लगा दिए। कहा कि जिन घरों में पुराने मीटरों को उखाड़ कर स्मार्ट मीटर लगाए गए है, उन्हें हटाकर पुरानी व्यवस्था को बनाया जाए। इस मौके पर महेश नेगी, आशाराम, रंजना रावत, बलवीर सिंह रावत, परमानंद, मदन सिंह, सुशील चौधरी, शोभा देवी, मीनाक्षी देवी मौजूद रहे।