इंजीनियरों ने काली पट्टी बांधकर जताया रोष

Spread the love

नई टिहरी। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने लंबित समस्याओं का निराकरण न होने पर गहरी नाराजगी प्रकट की। उन्होंने बांह पर काली पट्टी बांधकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। शुक्रवार को जिलाध्यक्ष आनंद किशोर और सचिव ममता पंवार के नेतृत्व में इंजीनियरों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांगों के निराकरण की अपील की। उन्होंने कहा कि लगातार शासन-प्रशासन से मांगों के संबंध में अवगत कराने के बावजूद कोई प्रगति नहीं हो पाई है। कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों में इंजीनियर्स कार्य करते हैं। दैवी आपदा में पुनर्निर्माण कार्य, केदार-बदरीनाथ मास्टर प्लान निर्माण, जल जीवन मिशन, नमामि गंगे जैसी परियोजनाओं को इंजीनियर ही संपादित करते आ रहे हैं। बावजूद उनके वेतनमान, पुरानी पेंशन बहाली, यात्रा और कार्य भत्ता समेत अनेक समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इसके अलावा जिला योजना, राज्य सेक्टर समेत सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं को क्रियान्वयन को लेकर वह शासन की सबसे अहम कड़ी हैं। सरकार को समय रहते उनकी समस्याएं हल करनी चाहिए। कहा कि जल्द कार्रवाई न होने पर वह हड़ताल जैसे कदम उठाने को बाध्य होंगे। इस मौके पर नीरज नौटियाल, प्रमोद सिंह नेगी, अश्विनी कुमार, नीतू चौहान, शुभम नौटियाल, उत्तम दास, स्वाति गुप्ता, उषा बिष्ट, विकास सिंह, राजेश शाह, निर्मल सिंह, मनीष पोखरियाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *