तरनतारन , तरनतारन स्थित एक लॉ कॉलेज में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने क्लासरूम के अंदर छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मार ली। इस दिल दहला देने वाली घटना का करीब 10 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है।
फुटेज के अनुसार, छात्रा क्लासरूम में बेंच पर बैठी हुई थी। इसी दौरान युवक वहां पहुंचता है और दोनों के बीच कुछ क्षण बातचीत होती है। अचानक युवक पिस्टल निकालकर छात्रा के सिर में गोली मार देता है। इसके बाद वह दोबारा पिस्टल को लोड करता है और खुद के सिर में गोली चला लेता है। गोली चलने की आवाज सुनते ही एक अन्य छात्रा बाहर की ओर दौड़ती है और कुछ ही देर में अन्य छात्र मौके पर पहुंच जाते हैं।
मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृत छात्रा की पहचान संदीप कौर (20) के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान प्रिंसराज सिंह निवासी नौशहरा पन्नुआं के तौर पर हुई है। दोनों ही उसी लॉ कॉलेज में अध्ययनरत थे। घटना के बाद पुलिस ने पूरे कॉलेज परिसर को सील कर दिया है। फोरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं। पुलिस हत्या के कारणों और दोनों के बीच संबंधों की गहराई से जांच कर रही है।
परिजनों ने कॉलेज सुरक्षा पर उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं के परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि कॉलेज में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं और किसी ने यह जांच नहीं की कि छात्र हथियार लेकर अंदर कैसे प्रवेश कर गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा की मां को पहले फोन पर केवल यह कहा गया कि बेटी को चोट लगी है और जल्द कॉलेज पहुंचें। मौके पर पहुंचने पर उन्हें सच्चाई का पता चला कि छात्रा को गोली मारी गई है। परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।