पंचायत चुनाव : कल्जीखाल ब्लॉक में शांति पूर्वक सम्पन्न हुआ मतदान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड कल्जीखाल की 87 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान शांति पूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रवासी वोटर भी भारी संख्या में मैदान से पहाड़ चढ़ते दिखाई दिए। दिन भर रुक-रुक कर हो रही बारिश के वाबजूद वोटरों में भारी उत्साह देखा गया, वहीं कई स्थानीय मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब मिले, जिसको लेकर मतदाताओं में भारी नाराजगी देखी गई।
ग्राम पंचायत गढ़कोट में सबसे बुर्जुग मतदाता सत्ते सिंह नेगी 96 साल के मतदान केंद्र में अपना मत का प्रयोग करने पहुंचे। वहीं ग्राम पंचायत थापला में 92 साल की बुजुर्ग मतदाता भूइंद्री देवी मतदान केंद्र में अपना वोट डालने पहुंची। वहीं ग्राम पंचायत डांगी में पहली बार सारिका, वृंदा, काशिश, कंचन, कुणाल ने अपने मत का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाई। डांगी मतदान केंद्र में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत आरक्षित महिला प्रत्याशियों के अभिकर्ता भी बालिकाएं ही थी। मतदाता सूची से कई स्थानीय मतदाताओं के नाम गायब मिले, जबकि प्रवासियों के नाम मतदाता सूची में बरकरार थे। जनपद पौड़ी के प्राथमिक शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज जुगरान ने बताया कि वह ग्राम पंचायत आसूई के अंतर्गत ग्राम धूरा के निवासी है। अपनी सेवाएं भी कल्जीखाल विकासखंड में दे रहे है। फिर भी मतदाता सूची में उनका नाम गायब है, जो कि निर्वाचन अधिकारियों की बहुत बड़ी लापरवाही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अनियमिताएं के खिलाफ वह संबंधित विभाग के खिलाफ कार्यवाही के लिए पत्र लिखेंगे। विकासखंड कल्जीखाल आरओ अरविंद कुमार ने बताया कि विकासखंड कल्जीखाल के तीन मतदान केंद्र अति संवेदनशील के श्रेणी में है। बताया कि अति संवेदनशील मतदान केंद्र मरोड़ा, बिलखेत, बिलखेत 2, पांचाली का औचक निरीक्षण किया गया। इन केंद्रों पर शांति पूर्वक मतदान सम्पन्न हुआ।