श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्रवेश विवरणिका और शैक्षणिक कैलेंडर सोमवार को विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने जारी किया। कुलपति सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि सत्र 2025-26 स्नातक कक्षाओं में प्रवेश सीयूईटी के मैरिट के आधार पर दिये जायेंगे। जबकि स्नातकोत्तर स्तर की प्रवेश परीक्षा 14 से 17 जुलाई तक आयोजित की जायेगी। जो कि बिड़ला परिसर श्रीनगर, बीजीआर पौड़ी, एसआरटी बादशाहीथौल, टिहरी के अतिरिक्त रुड़की, हरिद्वार एवं देहरादून में होगी। प्रो. सिंह ने बताया कि गढ़वाल विवि और उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश भारत सरकार के समर्थ पोर्टल के जरिए किए जायेंगे। बताया कि सीयूईटी यूजी 2025, यूईटी 2025, एनसीईटी 2025, इंटीग्रेटेड बीएड कार्यक्रम आइटेप में सम्मिलित छात्रों को समर्थ पोर्टल में पंजीकरण करना होगा। कुलपति प्रो. सिंह ने बताया कि नवीन सत्र में नवीन प्रवेशार्थियों को दीक्षारम्भ के तहत पाठ्यक्रम, परिसर में होने वाली गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जायेगी। बताया कि गढ़वाल विवि के पाठ्यक्रमों के साथ ही प्रथम बार दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत संचालित किये जायेंगे। साथ ही जो छात्र स्नातक पाठ्यक्रमों में तीन वर्ष पूर्ण करने के बाद चार वर्षीय पाठ्यक्रम (एफवाईयूपी) से निकास करना चाह रहे हैं, इसका भी प्राविधान विवरणिका में दिया गया है। बताया कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा 2024-25 का परीक्षाफल भी शीघ्र घोषित कर दिया जायेगा। (एजेंसी)