नैनीताल में एंट्री एक अप्रैल से महंगी होगी

Spread the love

नैनीताल। एक अप्रैल से पर्यटकों को अपनी गाड़ियों के साथ नैनीताल में एंट्री करना महंगा हो जाएगा। लेकब्रिज चुंगी के लिए अब पर्यटकों को 50 के बजाए 100 रुपये देने होंगे। नैनीताल में भवाली व हल्द्वानी की ओर से आते हुए पर्यटक वाहनों को लेकब्रिज चुंगी पर टोल टैक्स देना होता है। वहीं स्थानीय लोगों के लिए भी नगरपालिका ने टैक्स बढ़ा दिया है। स्थानीय वाहनों का सालाना पास भी अब 500 के बजाए 800 रुपये हो जाएगा। दरअसल नगर पालिका ने इस साल अपने सभी टैक्स बढ़ा दिए हैं। लेकब्रिज चुंगी पर भी इसका असर हुआ है। नगर पालिका को लेकब्रिज चुंगी से अब तक सालना करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिल रहे थे। नई दरों के बाद सालना टैक्स करीब तीन करोड़ रुपये मिलेगा।
आर्थिक स्थिति सुधारने की कवायद
नैनीताल नगर पालिका की आर्थिक स्थिति खराब है। पालिका अपने कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह तक नहीं दे पाता। इसके अलावा नैनीताल में विकास कार्यों के लिए भी पैसों की कमी हमेशा ही नजर आती है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी पूजा चंद्रा के अनुसार लेकब्रिज चुंगी की नई दरों के बाद पालिका की आमदनी में अच्छा इजाफा होगा।
लेकब्रिज चुंगी वसूली का ठेका रद्द
गुरुवार को नगर पालिका नैनीताल में लेकब्रिज चुंगी वसूली के टेंडर डाले गए। इसके लिए तीन फर्म की ओर से टेंडर डाले गए। ईओ प्रथम आलोक उनियाल ने बताया कि तीन में से केवल एक ही फर्म पालिका के सभी मानकों को पूरा कर पाई। इस कारण टेंडर को निरस्त कर दिया गया है। नियमानुसार दो से अधिक टेंडर आने चाहिए जल्द ही नए टेंडर करवाए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *