पर्यावरण मित्रों का धरना, 12 मार्च से सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी

Spread the love

अल्मोड़ा()। नगर निगम के पर्यावरण मित्रों ने देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले नगर निगम कार्यालय में धरना प्रदर्शन कर मेयर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने एक व्यक्ति पर सोशल मीडिया के माध्यम से नगर निगम और सफाई कर्मचारियों की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो 12 मार्च से सफाई कार्य बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि जोहरी बाजार निवासी एक व्यक्ति द्वारा लगातार कूड़े के मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर सफाई कर्मचारियों और नगर निगम की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना था कि बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई की जाती है और प्रतिदिन सुबह आठ से नौ बजे के बीच कूड़ा वाहन से हटा दिया जाता है। इसके बावजूद कर्मचारियों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे उनमें आक्रोश है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पहले भी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उनका अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से कर्मचारियों के स्वाभिमान को ठेस पहुंच रही है और नगर की शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारी आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होंगे। धरना प्रदर्शन में दीपक चंदेल, राकेश टांक, सतीश कुमार, दीपक सैलानी, दर्शन चंदेल, राजेंद्र पवार, भूपेंद्र शक्ति, राजेश खत्री, शाहिद सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *