ईएसआई कर्मचारियों को मिला सेवा विस्तार

Spread the love

देहरादून। कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई) से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा विस्तार मिल गया है। सोमवार को सेवा विस्तार के विधिवत आदेश जारी किए गए। शासन से सेवा विस्तार मिलने के बाद आउटसोर्स, संविदा कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया है।
ईएसआई के आउटसोर्स कर्मचारियों का सेवा विस्तार 31 मार्च को समाप्त हो गया था। एक अप्रैल से सेवा विस्तार न मिलने के कारण कर्मचारियों की सेवाओं पर संकट गहरा गया था। जिलों में डिस्पेंसरियों का काम अटक गया था। स्थिति संभालने को ईएसआई निदेशालय से कर्मचारियों को मौखिक आदेश पर नियमित रूप से काम करते रहने के आदेश दिए गए। दूसरी ओर सेवा विस्तार की फाइल को शासन में बढ़ाया गया। सीएम स्तर से अनुमोदन मिलने के बावजूद विधिवत आदेश न होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया। हड़ताल कर कामकाज ठप करने की चेतावनी दी गई।
कर्मचारियों के राज्य स्तर पर बढ़ते दबाव के बीच शासन ने सोमवार को कर्मचारियों को सेवा विस्तार देने का आदेश जारी कर दिया। उपसचिव शिव विभूति रंजन की ओर से निदेशक ईएसआई दीप्ति सिंह के लिए पत्र जारी किया गया। इसमें नई नियुक्ति होने और 31 मार्च 2026 तक के लिए सेवा विस्तार दिया गया। शासन स्तर से विधिवत आदेश होने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन को समाप्त कर दिया है।
जनवरी महीने से नहीं मिला है वेतन
ईएसआई के आउटसोर्स कर्मचारियों को जनवरी महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। ईएसआई प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया कि जनवरी से मार्च महीने के वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *