जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आर्दश राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार स्थित मूल्यांकन केंद्र पर शुक्रवार से हाईस्कूल एवं इंटर की बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया है। पंद्रह दिवसीय मूल्यांकन कार्य चार अप्रैल तक चलेगा।
मूल्यांकन कार्य के प्रथम दिवस शुक्रवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर नागेंद्र सिंह चौहान एवं सतपाल सिंह चौहान ने पीपीटी के माध्यम से परीक्षकों को मूल्यांकन प्रक्रिया की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। पर्यवेक्षक एवं राइका सुखरो के प्रधानाचार्य रवींद्र सिंह रावत ने बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मूल्यांकन कार्य में सावधानी बरतने की हिदायत सभी परीक्षकों को दी। उप नियंत्रक एवं प्रधानाचार्य राइका कोटद्वार मोहन सिंह रावत ने सभी परीक्षकों से गंभीरता पूर्वक अपना कार्य संपादित करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस दौरान सह उप नियंत्रक दीपक नौटियाल ने बताया कि बोर्ड की ओर से राइका कोटद्वार केंद्र पर मूल्यांकन हेतु इंटर में 120 परीक्षक, 14 डीएचई व 28 अंकेक्षक तथा हाईस्कूल में 57 परीक्षक, 6 डीएचई एवं 12 अंकेक्षक नियुक्त किए गए हैं। कार्यशाला का संचालन डा. पदमेश बुडाकोटी ने किया।