लाखों खर्च करने के बाद भी पार्क से गायब हुआ सुकून

Spread the love

सिद्धबली के समीप लाखों की लागत से किया गया पार्क का जीर्णोद्धार
पार्क में पड़े पत्थर व झाड़ियों की चपेट में आने से चोटिल हो रहे बच्चे
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वर्ष 2021 में कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग ने लाखों के बजट से सिद्धबली पार्क का जीर्णोद्धार करवाया था। लेकिन, देख-रेख के अभाव में आज यह पार्क बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। सुकून की तलाश में पार्क में प्रवेश कर रहे श्रद्धालुओं व पर्यटकों के बच्चे पत्थर व झाड़ियों की चपेट में आने से चोटिल हो रहे हैं। चौंकाने वाली बात तो यह है कि यह सब देखने के बाद भी विभाग मार्ग मरम्मत की सुध तक नहीं ले रहा।
दस लाख रुपये की लागत से विभाग ने पार्क का जीर्णोद्धार करवाते हुए झूले की मरम्मत, पार्क में गमले, टाइल्स बिछाने के साथ ही मनमोहक फूल व घास लगाई थी। निर्णय लिया गया था कि मंदिर के समीप स्थित इस पार्क को बेहतर तरीके से रखने के साथ ही समय-समय पर इसका सौदर्यीकरण भी किया जाएगा। सौदर्यीकरण तो हुआ नहीं लेकिन, जो पार्क कि स्थिति थी वह भी बिगड़ गई है। पार्क में लगाए गए अधिकांश झूले व अन्य सामान टूट चके हैं। शरारती तत्वों ने पार्क में गमलों को भी चोरी कर दिया है। पार्क के चारों ओर झाड़ियां उग चुकी हैं। कुछ दिन पूर्व झूला टूटने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल होते होते बच गया। शाम ढलते ही पार्क में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। लोगों की शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम व्यवस्थाओं में सुधार नहीं कर पा रहा है। ऐसे में सिस्टम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *