नईदिल्ली,इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का मंच एक बार फिर नए सितारों के उभरने का गवाह बनने जा रहा है। हर संस्करण की तरह इस बार भी कुछ भारतीय युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से सुर्खियां बटोरने को तैयार हैं। ये खिलाड़ी न सिर्फ अपनी टीमों की किस्मत बदल सकते हैं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य की झलक भी दिखाएंगे। ऐसे में आइए उन 5 इमर्जिंग भारतीय खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जो इस संस्करण अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अपने प्रदर्शन से सबको चौंकाने को तैयार हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने 7 पारियों में 36 की औसत और 206.55 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल था। वहीं, अंडर-19 विश्व कप 2026 में भी उनका बल्ला जमकर बोला था, जहां इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 7 पारियों में 439 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
आईपीएल 2026 की नीलामी में मुकुल चौधरी पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2.60 करोड़ रुपये खर्च कर बड़ा दांव खेला है। 21 वर्षीय राजस्थान के इस खिलाड़ी ने अब तक सिर्फ 7 टी-20 मैचों में 42 की शानदार औसत और 165.35 की स्ट्राइक रेट से 210 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक भी निकले हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन कर उन्होंने पहले ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है।
सीएसके ने विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा पर 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाई थी। 19 वर्षीय यह खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करता है। अपने छोटे से टी-20 करियर में ही उन्होंने 12 मैचों में 30.36 की औसत और 162.92 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 334 रन बनाए हैं। इस दौरान 58 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक भी उनके नाम रहे हैं, जो उनकी क्षमता को दर्शाते हैं।
सीएसके ने युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर सबको चौंका दिया था, जबकि उनका बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये था। इस खिलाड़ी ने अब तक सिर्फ 9 टी-20 मैचों में 6.45 की किफायती इकॉनमी से 12 विकेट झटके हैं। वहीं, बल्ले से भी उन्होंने 167.16 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की है। उत्तर प्रदेश के लिए खेलने वाला यह खिलाड़ी भविष्य का बड़ा सितारा बन सकता है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नीलामी में तेज गेंदबाज मंगेश यादव पर बड़ा भरोसा जताया था और उन्हें 5.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। 24 वर्षीय इस गेंदबाज ने मध्य प्रदेश टी-20 लीग में 6 मैचों में 14 विकेट झटककर सनसनी मचा दी थी, जिसमें 3 बार 4 विकेट हॉल शामिल रहे। एक मुकाबले में उन्होंने 3 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट लेकर अपनी धार साबित की थी। उनसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को काफी उम्मीद होगी।