पीलीभीत रोड किनारे रह रहे 16 लोगों को बेदखली का नोटिस

Spread the love

रुद्रपुर। वन विभाग खटीमा ने पीलीभीत रोड के किनारे बैठे 16 अतिक्रमणकारियों को बेदखली का नोटिस जारी किया है। इसके बाद यहां के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग अतिक्रमणकारियों के जवाब का इंतजार कर रहा है। पीलीभीत रोड के किनारे 16 से अधिक लोगों ने दुकानें, मकान और टिन शेड डालकर अतिक्रमण कर रखा है। इसपर वह वर्षों से काबिज हैं। हाल ही में वन विभाग, राजस्व, लोक निर्माण विभाग के सर्वे में पीलीभीत रोड के किनारे की भूमि वन विभाग की निकली थी। इसके बाद से वन विभाग कार्रवाई में जुटा हुआ था। हालांकि यहां बसे लोगों ने इसका विरोध भी किया और अतिक्रमण हटाने से पूर्व दूसरी जगह बसाने की मांग की। वहीं कुछ दुकानदारों ने न्यायालय का स्टे होने की बात भी कही थी। रेंज अधिकारी महेश चंद्र जोशी ने नोटिस जारी करने की पुष्टि करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है। मामले में एसडीओ संतोष पंत ने बताया की 16 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने को कहा है। जवाब आने के बाद ही आगे की कार्रवाई वन अधिनियम के तहत की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *