शक्तिफार्म के बैकुंठपुर में पूर्व सैनिक की करंट लगने से मौत

Spread the love

रुद्रपुर()। गांव बैकुंठपुर में रविवार को बकरी के लिए चारा काटते समय पेड़ पर चढ़े पूर्व सैनिक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों के अनुसार, 74 वर्षीय मदन चंद पुत्र हीरा चंद रविवार को अपनी पत्नी गोविंदी देवी के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर चारा लेने गए थे। वह गुडेल के पेड़ पर चढ़कर टहनियां काट रहे थे, जबकि उनकी पत्नी नीचे उन्हें एकत्र कर रही थी। इसी दौरान टहनी काटते समय उनकी दराती टहनियों के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। करंट लगते ही वह पेड़ की टहनियों में फंसकर छटपटाते रहे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर एएसआई सुरेंद्र बोरा ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के अनुसार, मदन चंद वर्ष 2004 में सेना से रिटायर हुए थे। उनके परिवार में पत्नी गोविंदी देवी और दो बेटे योगेश व चंदन हैं, जो बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *