पेंशन विसंगतियां दूर नहीं होने पर भडके पूर्व सैनिक

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार आंदोलन करने के बाद भी पेंशन विसंगतियां दूर नहीं होने पर पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि पूर्व सैनिकों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार को जल्द से जल्द समस्या का निराकरण करना चाहिए।
गुरुवार को पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत के नेतृत्व में पूर्व सैनिक तहसील परिसर में एकत्रित हुए। जहां पर उन्होंने उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। महेंद्र पाल सिंह रावत ने केंद्र सरकार पर पूर्व सैनिकों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। कहा कि वन रैंक-वन पेंशन लागू होने के बाद भी पूर्व सैनिकों को उनका हक नहीं मिल रहा है। पूर्व सैनिकों के ग्रेड-पे या पे-बैंड को संशोधित किया जाना चाहिए। पेंशन फैक्टर सभी वर्गों के लिए समान किया जाना चाहिए। अन्य पदों के लिए भी एक अलग से वेतन आयोग गठित किया जाए। बलिदानी सैनिकों के स्वजनों व वीरनारियों की पेंशन समान होनी चाहिए। दिव्यांगता पेंशन में सुधार करने की आवश्कता है। उन्होंने पूर्व सैनिकों पर हमला किए जाने व उन्हें अपमानित करने का भी आरोप लगाए। कहा कि आए दिन देश में पूर्व सैनिकों को निशाना बनाया जा रहा है। जिसे रोकने के लिए केंद्र सरकार को राज्य सरकारों को एडवाइजरी जारी करनी चाहिए। इस मौके पर देवेंद्र सिंह बिष्ट, अनुसुया प्रसाद सेमवाल, सूरवीर खेतवाल, ठाकुर सिंह, प्रभाकर जखमोला, जीत सिंह भंडारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *