जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार समस्या उठाने के बाद भी राजकीय बेस चिकित्सालय की व्यवस्थओं में सुधार नहीं होने पर पूर्व सैनिकों ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है।
संगठन के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत के नेतृत्व में सदस्यों ने चिकित्सकों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व डा. धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। बताया कि राजकीय बेस चिकित्सालय पर मैदान के साथ ही दुगड्डा, जयहरीखाल, रिखणीखाल, बीरोंखाल, नैनीडांडा, कल्जीखाल, द्वारीखाल, एकेश्वर व यमकेश्वर के सैकड़ों मरीजों की जिम्मेदारी है। लेकिन, अस्पताल में लगातार अव्यवस्थाएं व्याप्त हैं। पिछले कई वर्षों से चिकित्सकों सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के पद खाली पड़े हुए हैं। बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों को अन्य बड़े शहरों की दौड़ लगानी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। कहा कि सरकार को बेस अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए योजनाएं तैयार करनी चाहिए। ज्ञापन भेजने वालों में अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत, चंदन सिंह, राजमोहन सिंह, गोपाल सिंह नेगी, अनसूया प्रसाद सेमवाल, जीत सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।