सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए पूर्व सैनिकों ने किया हवन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: आंदोलन के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होने से आक्रोशित पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन किया। कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों की समस्या को लेकर लापरवाह बनी हुई है। पूर्व सैनिकों ने वेतन विसंगतियों का जल्द निराकरण करने की मांग उठाई।
रविवार को पूर्व सैनिक मालवीय उद्यान में एकत्रित हुए। यहां पूर्व सैनिकों ने हवन किया। समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत ने कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों की अनदेखी कर रही है। वन रैंक-वन पेंशन की विसंगतियों को लेकर पूर्व सैनिक विगत कई महीनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे है। लेकिन, केंद्र सरकार पूर्व सैनिकों की वेतन विसंगतियों को दूर नहीं कर पा रही है। कहा कि पूर्व सैनिकों में केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। इस मौके पर केंद्र सरकार से जेसीओ, एनसीओ जवान और मानद अधिकारियों की वेतन व पेंशन पहले की तरह 70 प्रतिशत करने की मांग की गई। वीर नारियों की पेंशन में भी भारी अंतर बताते हुए इसे भी ठीक करने की मांग की गई। साथ ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति वाले पूर्व सैनिकों को समान पद पर समान वेतन देने, अधिकारियों व अन्य पदों के फिटमेंट फैक्टर को समान करने, सभी रैंकों के लिए मिलिट्री सर्विस पे समान करने और प्रत्येक वेतन आयोग, निर्णायक समितियों व उच्च राष्ट्रीय निर्णायक मंडलों में अन्य पदों के प्रतिनिधियों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। इस मौके पर मेहरबान सिंह, देवेंद्र सिंह, धीरेंद्र बिष्ट, नंदन सिंह रावत, अनिल शर्मा, भारत सिंह, सुभाष कुकरेती सहित कई अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *