जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने यूजीसी अधिनियम का विरोध करते हुए केंद्र सरकार से इसे वापस लेने की मांग उठाई। कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी। देश के भविष्य को देखते हुए अधिनियम को जल्द वापस लिया जाना चाहिए।
समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें समिति की बैठक में पूर्व सैनिकों ने यूजीसी बिल को देश के भविष्य के लिए खतरा बताया। कहा कि इस तरह के निर्णय से शिक्षा का स्तर कमजोर होगा। युवाओं में जातिवाद को लेकर तरह-तरह के विचार उत्पन्न होंगे। कहा कि पूरे देश में यूजीसी बिल का विरोध हो रहा है। बावजूद सरकार इस तरह के निर्णय ले रही है। जनता के हित में बेहतर योजनाएं बनाई जानी चाहिए, न कि विवाद पैदा करने वाली स्थिति तैयार करनी चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति का स्थापना दिवस 16 फरवरी को बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। साथ ही बैठक में समिति की सदस्यता शुल्क में बढ़ोत्तरी का भी निर्णय लिया गया। पूर्व सैनिकों ने सरकार से वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियों को भी दूर करने की मांग उठाई। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत, शूरवीर खेतवाल, राजेश बिष्ट, देवेंद्र सिंह बिष्ट, ठाकुर सिंह, नंदन सिंह, गोपाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।