पूर्व सैनिकों ने उठाई मांग, किन्नरों की मनमानी पर रोक लगाए प्रशासन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने शगुन के नाम पर बढ़ रही किन्नरों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है। कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी क्षेत्रवासी कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, अब भी किन्नरों की मनमानी बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी गरीब परिवार के लोगों को हो रही है।
इस संबध में परिषद ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि लोगों के घरों में शुभ कार्य होने पर किन्नर वहां धमक जाते हैं और मनमानी राशि की मांग करते हैं। ये किन्नर गरीब परिवारों से भी मनमानी राशि की मांग कर उनकी परेशानी बढ़ा देते हैं। कहा कि कोटद्वार में अधिकाशं परिवार खेती कर अपना गुजर बसर करते हैं। ऐसे में पाई-पाई जोड़कर वे अपने बच्चों का विवाह और अन्य शुभ कार्य संपन्न कराते हैं। लेकिन किन्नरों का समूह वहां पहुंचकर शगुन के नाम पर बड़ी राशि की मांग करता है। ऐसे में परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुंह मांगी राशि न देने पर किन्नर अभद्रता पर उतर आते हैं। कई बार किन्नर परिवारों को शर्मिदा भी कर देते हैं। पूर्व में क्षेत्रवासी कई बार प्रशासन से शिकायत भी कर चुके है। जिसके बाद प्रशासन ने किन्नरों को शगुन के नाम पर मनमानी नहीं करने की चेतावनी दी थी। लेकिन, किन्नरों ने प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। इसलिए किन्नरों के शगुन की राशि तय की जानी चाहिए। यदि किन्नर मनमानी दिखाएं तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जानी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में परिषद अध्यक्ष जी के बड़थ्वाल, सी पी डोबरियाल, बलवान सिंह रावत, अनूप बिष्ट और सुरेश रावत आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *