बोले भवन निर्माण के नाम पर पिलर खड़े किये
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिला मुख्यालय में विधायक पौड़ी मुकेश कोली के खिलाफ भाजपा से जुड़े पूर्व सैनिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। पूर्व सैनिको के विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो तीन दिन पुराना है। पूर्व सैनिकों का कहना है कि विधायक पौड़ी द्वारा लगातार साढ़े चार सालों से पूर्व सैनिको की उपेक्षा की जा रही है। आहत पूर्व सैनिको ने विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया है। कहा कि भवन निर्माण के नाम से मात्र पिलर ही खड़े हो पाए हैं।
जिला मुख्यालय पौड़ी के मांडाखाल में पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के कार्यालय की ऊपरी मंजिल निर्माणाधीन है। संगठन के सदस्यों व पदाधिकारियों ने निर्माण कार्य के लिए विधायक की ओर से और धनराशि नहीं दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। पूर्व सैनिकों के विधायक पौड़ी के विरोध का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संगठन के सदस्य व पदाधिकारी भाजपा में भी वर्तमान में जिम्मेदारी संभालने के साथ पूर्व में भी पदाधिकारी रह चुके हैं। संगठन के सचिव व भाजपा नगर मंडल पौड़ी के उपाध्यक्ष सुबेदार मेजर राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि वर्ष 2017 से ही पूर्व सैनिक विधायक पौड़ी से कार्यालय भवन की ऊपरी मंजिल निर्माण के लिए धनराशि दिए जाने की मांग कर रहे हैं। विधायक ने पहले 10 फिर 8 व 6 लाख की धनराशि दिए जाने का भरोसा संगठन को दिया, लेकिन देते समय मात्र 3 लाख की धनराशि प्रदान की। जिससे कार्यालय निर्माण के नाम पर केवल पिलर ही खड़े हो पाए हैं। राणा ने कहा कि विधायक ने पूर्व सैनिकों से कहा कि मैं भी फौजी का बेटा हूं और सैनिको का दर्द समझता हूं। लेकिन विगत साढ़े चार साल में पूर्व सैनिकों को उपेक्षा ही देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि विधायक ने कभी भी साफ नहीं कहा, जिससे आज पूर्व सैनिको को संगठन व जनता के बीच शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष भाजपा व पूर्व विधायक प्रतिनिधि कै. राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पूर्व सैनिक आहत हैं, विरोध के रुप में सभी ने अपना आक्रोश जताया है।
क्या कहते है विधायक पौड़ी
पौड़ी। पौड़ी विधायक मुकेश कोली का कहना है कि पूर्व सैनिकों के कार्यालय के ऊपरी मंजिल निर्माण को 3 लाख की धनराशि दे दी गई है। मैंने निर्माण के लिए और धनराशि दिए जाने को लेकर असर्मथता जताई है। लेकिन पूर्व सैनिको ने संयम के साथ अपनी बात रखने के बजाय विरोध में नारेबाजी कर वीडियो वायरल किया है। जबकि उन्हें कोरोना से स्थिति सामान्य होने पर निर्माण कार्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया है।
संगठन ने की कार्रवाई की संस्तुति
पौड़ी। भाजपा के जिला महामंत्री जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं का स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई की संस्तुति करते हुए पूरी जानकारी प्रदेश संगठन को भेज दी है। उन्होंने बताया कि संगठन स्तर पर मामले में निर्णय आने तक प्रदर्शन करने वाले सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारियों पर पार्टी के कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने पर रोक लगा दी गई है।