जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : न्यायालय की ओर से लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति दिए जाने का अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने स्वागत किया है। कहा कि मार्ग निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने लालढांग-चिलरखाल वन मोटर मार्ग में लगी रोक हटाए जाने पर खुशी व्यक्त की है। कहा कि रोक हटने से अब मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
परिषद के मीडिया प्रभारी बलवान सिंह रावत ने कहा कि स्थानीय जनता पिछले कई दशकों से मार्ग निर्माण की मांग उठा उठा रही थी। मार्ग निर्माण की रोक हटने के बाद अब प्रदेश सरकार पर ज्यादा जिम्मेदारी बढ़ गई है। कहा कि क्षेत्रवासी उक्त मोटर मार्ग को फ्लाई ओवर के माध्यम से बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। कहा कि अभी आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। जब तक प्रदेश सरकार इस मोटर मार्ग निर्माण का पूरा खाका जनता के समक्ष नहीं रख देती तब तक क्षेत्रवासियों को आंदोलन जारी रखना होगा। अन्यथा यह मोटर मार्ग पूर्व की भांति राजनीति की भेंट चढ़ जाएगा।