जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन के छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी हिंदी राजभाषा सत्र 2025-26 के राष्ट्रीय स्तर के ओलिंपियाड में शानदार प्रदर्शन किया है। इस प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 10 तक के कुल 133 विद्यार्थियों ने उत्साह और लगन के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता परिणामों में विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें 130 विद्यार्थियों ने प्रथम, दो विद्यार्थियों ने द्वितीय, एक विद्यार्थी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। इस अवसर पर कक्षा 10 की अक्षिता रौतेला, कक्षा 9 की अनन्या यादव, कक्षा 7 की आयत नसीम को राजभाषा हिंदी प्रतिभा पुरस्कार के अंतर्गत प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए। विद्यालय की संस्कृत एवं हिंदी अध्यापिकाएं संगीता धस्माना और गौरी कंडारी को विद्यार्थियों के उत्कृष्ट निर्देशन, मार्गदर्शन एवं योगदान के लिए विशेष रूप से प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, प्रधानाचार्य को भी प्रमाण पत्र सौंपा गया। प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रगाढ़ करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु संस्कृत एवं हिंदी विभाग के प्रयासों की भी सराहना की। प्रधानाचार्य ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सशक्त मार्गदर्शन में विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित करता रहेगा।