रुद्रपुर। नगर निगम प्रशासन ने जनता को निगम संबंधी कार्यों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक व्यवस्था देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आवास विकास क्षेत्र में जोनल कार्यालय की शुरुआत के बाद अब तीन अन्य स्थानों ट्रांजिट कैंप, भूरारानी और पहाड़गंज में भी जोनल कार्यालय खोलने की तैयारियां जोरों पर हैं। इन कार्यालयों के लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं, और ट्रांजिट कैंप में निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र को चार जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में एक कार्यालय खोलने की योजना है, जिससे प्रत्येक जोन से जुड़े करीब 10 वार्डों के लोगों को नगर निगम कार्यालय तक बार-बार न जाना पड़े। इन जोनल कार्यालयों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति कर जमा करने, सफाई से जुड़ी शिकायतों, अन्य बुनियादी सेवाओं को तत्काल निपटाया जाएगा। आवास विकास में नौ मई को खोले गए पहले जोनल कार्यालय में छह वार्डों के लोगों को पहले ही दस प्रमुख सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं, जिनमें आधार कार्ड बनाने की सुविधा भी शामिल है। इस मॉडल की सफलता को देखते हुए तीन अन्य जोनल कार्यालयों की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। मेयर ने जानकारी दी कि वह स्वयं प्रत्येक माह इन कार्यालयों में एक दिन बैठकर जनसुनवाई करेंगे। इससे आम नागरिकों की समस्याएं मौके पर ही हल की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल नगर निगम की कार्यशैली को जनकेंद्रित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर में जनहित से जुड़े कार्यों को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है। इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी।