जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के पार्षदों ने गैस बुकिंग को लेकर एजेंसियों के मनमाने रैवए पर रोष व्यक्त किया है। कहा कि गैस वितरण के नाम पर वार्डवासियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। पुराने वार्डों में 25 दिन व नए वार्डों को गैस डिलीवरी का 45 दिन का समय दिया जा रहा है। वार्डवासियों के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में पार्षदों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। कहा कि क्षेत्र के बेहतर विकास के लिए नगर निगम का गठन किया गया था। लेकिन, आज पुराने व नए वार्डों में भेदभाव किया जा रहा है। कहा कि नए वार्डों में शामिल गैस एजेंसियां लोगों को बुकिंग के 45 दिन में सिलेंडर देने की बात कह रही है। जबकि, बाजार क्षेत्र के पुराने वार्डों में 25 दिन के भीतर गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। इस तरह के भेदभाव से जनता में रोष बना हुआ है। पूर्व में शिकायत के बाद भी इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। बताया कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। एक समय निर्धारित कर सभी वार्डों को गैस उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।