निर्धारित समय तक जलापूर्ति नहीं होने पर जताया रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। शहर के श्रीनगर रोड मोहल्ले में बीते एक हफ्ते से अनियमित जलापूर्ति हो रही है। जिससे स्थानीय निवासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जल संस्थान के अधिकारी कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी समस्या का समाधान करने को तैयार नहीं है।
पौड़ी के श्रीनगर रोड मोहल्ला निवासी एवं कांग्रेस सेवादल के नगर अध्यक्ष युद्घवीर सिंह रावत ने बताया कि मोहल्ले में बीते एक हफ्ते से मात्र 30 मिनट के लिए पेयजल आपूर्ति हो रही है, जिसका भी समय निर्धारित नहीं है। जिससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों को कई बार अनियमित जलापूर्ति की शिकायत की गई, लेकिन कोई समस्या के समाधान को तैयार नहीं है। कहा कि मोहल्ले में लक्ष्मीनारायण मंदिर स्थित टैंक से जलापूर्ति होती है, लेकिन टैंक सप्लाई पाइप से ही लीकेज चल रहा है। जिससे साफ है कि टैंक में पानी स्टोर ही नहीं हो रहा होगा। उन्होंने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों की लापरवाही यूहीं बनी रही, तो स्थानीय लोग आंदोलन को मजबूर हो जाएंगे। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता एसएस जेठूड़ी ने बताया नए टैंक से कनेक्शन दिए जाने का कार्य शुरु हो गया है। श्रीनगर मोहल्ले में अनियमित जलापूर्ति की समस्या दो-तीन दिन के भीतर दुरुस्त कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *