जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: लगातार आंदोलन के बाद भी कंपनी में लगाई गई रकम वापस नहीं मिलने पर ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि पीड़ितों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डूबी हुई रकम जल्द से वापस मिलें इसके लिए सरकार को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के सदस्यों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। बताया कि वर्ष 2019 में संसद में बड्र्स एक्ट बनाकर कंपनियों एवं सोसाइटी में डूबी हुई जमा राशि दिलाने का कानूनी अधिकार दिया गया था। लेकिन अब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया है। बताया कि पौड़ी के कोटद्वार तहसील में आवेदकों से आवेदन लेने के लिए 24 अक्टूबर 2024 को कार्य प्रारंभ किया गया। जिसमें 450 आवेदकों ने अपने आवेदन जमा किए थे। लेकिन, इसके बाद भुगतान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे पीड़ितों में भारी रोष व्याप्त है। लगातार शिकायत के बाद भी पीड़ितों की अनदेखी हो रही है। ऐसे में यदि जल्द धनराशि को वापस दिलवाने के लिए कार्रवाई नहीं की गई तो पीड़ित सड़क पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होंगे। इस मौके पर सुखदेव शास्त्री, कल्पना रावत, राजेंद्र सिंह, इंदु नेगी, कल्पना मंजेड़ा, विजय लक्ष्मी भारती, उर्मिला कुकरेती, प्रेमलाल, राजेंद्र, रीना आदि मौजूद रहे।