जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग निर्माण के लिए देहरादून में आंदोलन होने के बाद भी मुख्यमंत्री से मिलने का समय नहीं मिलने पर लोगों ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि प्रदेश सरकार आंदोलन व आंदोलनकारियों की अनदेखी कर रही है। जबकि, लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग क्षेत्र के विकास के लिए अति महत्वपूर्ण है। कहा कि देहरादून में सीएम आवास घेराव के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री से मिलवाने का आश्वासन दिया गया था।
बुधवार को लोगों ने चिल्लखाल चेक पोस्ट में बैठकर धरना दिया। कहा कि लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण के लिए लोग पिछले कई माह से आंदोलन कर रहे हैं। आश्वासन के बावजूद आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए समय न दिया जाना उनके साथ धोखा है। कहा कि आंदोलन की धार को तेज किया जाएगा, जिसके लिए नगर निगम के 40 वार्डों में जाकर लोगों को इस सड़क को लेकर जागरूक किया जाएगा। कहा कि आंदोलन को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। एक स्वर में कहा गया कि जनहित में लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग का निर्माण करवाया जाना जरूरी है। क्षेत्र की जनता की भावनाओं की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर मदन सिंह बिष्ट, कृपाल सिंह, टेकराम अमोली, जगदीश अमोली, नारायण सिंह, मोहन चंद जोशी, सुभाष त्यागी, अमित अमोली, नरेश धस्माना, सुशीला जोशी, हेमा नेगी आदि मौजूद रहे।