आधार कार्ड अपडेट कैंप नहीं लगने पर जताया रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिलाधिकारी पौड़ी के आदेश के बाद भी तहसील सतपुली व चौबट्टाखाल तहसील में आधार कार्ड कैंप नहीं लगने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन पर उनकी अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
अधिकारियों की ओर से सतपुली व चौबट्टाखाल तहसील में दो दिन आधार कार्ड कैंप लगाने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन, सोमवार को दोनों ही तहसील में कैंप नहीं लगा। वहीं, मंगलवार को भी ग्रामीणों को तहसील में वही स्थिति नजर आई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनकी अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि जिलाधिकारी ने तहसील में कैंप लगाने का आश्वासन दिया था। लेकिन, यहां तो स्वयं कर्मचारी व अधिकारी जिलाधिकारी के आदेशों का उल्लंघन कर रहे हैं। अपना किराया व समय लगाकर ग्रामीण कार्ड अपडेट को पहुंचे हैं। लेकिन, यहां से उन्हें बेरंग ही वापस लौटने को मजबूर होना पड़ रहा है। चौबट्टाखाल तहसील में आधार कार्ड आपरेटर अमित नेगी ने ग्रामीणों को बताया कि उन्हें आधार कार्ड अपडेट के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई है। जबकि, सतपुली में सोमवार से आधार कार्ड अपेडट करने वाले कर्मचारी नहीं पहुंचे। आपरेटर हेमेंद्र ने ग्रामीणों को बताया कि दुगड्डा के समीप बाइक दुर्घटना होने से लैंपटाप टूट गया है। जिसके कारण आधार कार्ड अपडेट में करीब एक सप्ताह का समय लग जाएगा। वहीं, आधार कार्ड अपडेट नहीं होने पर पूर्व प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र सिंह रावत, पूर्व प्रमुख एकेश्वर जसपाल रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य माया गुसांई, व्यापार मंडल अध्यक्ष सतपुली जयदीप नेगी, पूर्व प्रधान सतपुली मल्ली हरि सिंह आदि ने भी रोष व्यक्त किया है। कहा कि अपने काम के प्रति लापरवाही दिखाने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *