सीट आरक्षित किए जाने पर जताया रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वार्ड नंबर 37 में पार्षद की सीट को आरक्षित किए जाने पर क्षेत्रवासियों ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि पूर्व वार्ड में अनुसूचित जाति की जनसंख्या तीस प्रतिशत से भी कम है। इसके बाद भी वार्ड को आरक्षित कर दिया गया है। इससे सामान्य वर्ग की अनदेखी की जा रही है।
इस संबंध में वार्डवासियों ने उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। बताया कि वार्ड में अधिकांश सामान्य परिवार के लोग रहते हैं। बावजूद पिछले नगर निगम चुनाव में इस सीट को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया। यही नहीं, इस वर्ष भी स्थिति को पूर्व की भांति ही रखा गया है। लगातार दो वर्ष तक सीट को आरक्षित करने से वार्डवासियों में रोष बना है। कहा कि वार्ड के सामान्य लोगों को चुनाव लड़ने से वंचित किया जा रहा है। ऐसे में प्रशासन को पुन: विचार करते हुए सीट को सामान्य करना चाहिए। इस मौके पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बुद्धि प्रकाश, हरीश सिंह, नैन सिंह सौंद, राजेंद्र प्रसाद भारद्वाज, यशवंत सिंह गुसाईं, देवेंद्र सिंह, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे। क्षेत्रीय जन ने नगर निगम में भी इस संबंध में शिकायत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *