भाबर क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमी झंडीचौड़ के लोगों ने भेजा डीएम को पत्र
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : टेंडर प्रक्रिया होने के बाद भी तेलीस्रोत नाले में सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं होने पर वार्ड नंबर 37 पश्चिमी झंडीचौड़ के लोगों ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि दीवार नहीं बनने से क्षेत्र में लगातार भू-कटाव हो रहा है। जिससे आसपास के परिवारों के भवनों को भी खतरा बना हुआ है।
भाबर क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 37 प्श्चिमी झंडीचौड़ के निवर्तमान पार्षद सुखपाल शाह ने वार्ड के लिए स्वीकृत कार्यों के टेंडर होने के बाद भी संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य न करने पर रोष व्यक्त करते हुए ठेकेदार पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को प्रेषित ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि लगभग 6 महीने पूर्व तेली स्रोत नाले से किसानों के खेतों, उच्चतम माध्यमिक विद्यालय के लिए चयनित भूमि व प्रेम नगर कॉलोनी निवासी 30 परिवारों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार बनाने हेतु सिंचाई विभाग ने टेंडर जारी किया था, टेंडर खुलने के बाद न तो ठेकेदार द्वारा समय पर सुरक्षा दीवार बनाई गई और न ही सिंचाई विभाग द्वारा ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस कारण बरसात में किसानों के 5 से 10 मीटर तक उपजाऊ खेतों के साथ ही करोड़ों की लागत से निर्मित आरटीओ कार्यालय के ट्रेनिंग सेंटर का काफी हिस्सा भी नाले के तेज बहाव में बह गया। कहा कि यदि समय रहते सिंचाई विभाग द्वारा ठेकेदार से कार्य करवा दिया होता तो इतना नुकसान नहीं होता। ज्ञापन में उन्होंने जिलाधिकारी से नाले व विद्यालय के लिए चयनित भूमि में सुरक्षा दीवार बनाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करने व लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।