जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार शिकायत के बाद भी राजकीय बेस चिकित्सालय में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर विश्व कल्याण सेवा संस्था ने नाराजगी व्यक्त की है। कहा कि प्रदेश सरकार को व्यवस्था में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए। अस्पताल में सीनियर सिटीजनों के साथ अधिकारी व कर्मचारी ठीक व्यवहार भी नहीं है। चिकित्सक मरीजों के पर्चे पर बाहर की दवाएं लिख रहे हैं।
इस संबंध में संस्था ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा। संस्थान के मंत्री कमलेश चंद्र ने कहा कि वर्तमान में राजकीय बेस चिकित्सालय में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं ठीक नहीं है, चिकित्सकों की कमी से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश चिकित्सक अभी भी बाहर से दवाइयां लिख रहे है। जिससे गरीब लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कहा कि सीनियर सिटीजनों के साथ भी अधिकारियों व कर्मचारियों का बर्ताव ठीक नहीं रहता है। ओपीडी में गंभीर बीमारी के सीनियर सिटीजनों को भी घंटो इंतजार करना पड़ता है, एसे में कई बार बुजुर्ग लोग बेहोश भी हो जाते है। कहा कि उन्होंने इस संबध में विगत दिनों मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया था, लेकिन अभी तक चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने बेस चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जाने की मांग की है।