उत्तरकाशी। बारिश से क्षेत्र के किसानों व बागवानों के चेहरे पर खुशी की लहर है। कई महीनों से बारिश न होने से क्षेत्र के किसान खेती किसानी के कार्य में असिंचित खेतों में जुताई बुवाई नहीं कर पा रहे थे। रंवाई घाटी में सोमवार दोपहर बाद हुई बारिश से किसानों व बागवानों में सेब व अन्य फसलों की अच्छी उत्पादन की आस जगी है। बारिश गेहूं सहित मटर, आलू व अन्य नगदी फसलों के लिए बहुत लाभदायक है। क्षेत्र के किसान व बागवान कपिल देव रतूड़ी, कबिन्द्र भंडारी, जसवीर डोटीयाल, रमेश असवाल, कविंद्र असवाल, स्यालिक राम नौटियाल, धनवीर सिह आदि का कहना है कि पिछले कई महीनों से बारिश न होने से उखड़ खेती की जुताई बुवाई नहीं कर पा रहे थे। आढ़तियों से लिया मटर, टमाटर का बीज भी घर पर ही रखा खराब हो रहा था पर अब बारिश होने से जुताई बुवाई का कार्य कर सकेंगे। वहीं दूसरी ओर बर्फबारी से बगीचों में उचित तापमान रहेगा जो सेब सहित नाशपाती, आड़ू खुमानी व पल्म आदि फलों की उत्पादकता के लिए लाभदायक है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से बारिश न होने से बगीचों की सूख चुकी मिट्टी में बारिश व बर्फबारी होने से अच्छी नमी बनी रहेगी और न्यूनतम तापमान रहने से बगीचों में लगने वाली कई प्रकार की बीमारियों का खतरा भी कम होगा।