व्यस्त मार्ग पर लाइटें गुल, दुर्घटना का बना खतरा

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम क्षेत्र के शीतला माता मंदिर मार्ग भक्तियाना में पिछले दो दिनों से नगर निगम की स्ट्रीट लाइटें खराब होने से अंधेरा पसरा हुआ है। शाम होते ही मंदिर से लेकर वेडिंग प्वाइंट तक का पूरा रास्ता अंधेरे में डूब जाता है जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को जंगली जानवरों व दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासी रक्षित, अनिल, मनोज और रवि ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें बंद होने से शाम के वक्त मार्ग पर चलना खतरे से खाली नहीं है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर गुलदार की सक्रियता बनी रहती है। ऐसे में घुप अंधेरा होने के कारण जंगली जानवरों का भय और अधिक बढ़ गया है। इसके अलावा अंधेरे की वजह से सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि व्यस्त मार्ग होने के बावजूद स्ट्रीट लाइटों की सुध नहीं ली जा रही है। उन्होंने निगम प्रशासन से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी ने कहा कि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि मार्ग पर लाइटें खराब हैं, तो तुरंत टीम भेजकर उन्हें ठीक करवा दिया जाएगा। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *