नम आंखों से दी दरोगा को विदाई

Spread the love

काशीपुर। युवक को बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवाने वाले काठगोदाम चौकी इंचार्ज अमरपाल सिंह को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। इससे पूर्व एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने शव पर पुष्प चक्र अर्पित किए। पुलिसकमियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद स्थानीय श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
मूल रूप से बरेली, हाल विजयनगर नई बस्ती काशीपुर निवासी अमर पाल सिंह (34) पुत्र लालमन नैनीताल जिले के काठगोदाम चौकी में इंचार्ज थे। शनिवार शाम काठगोदाम में विकास प्राधिकरण का संविदाकर्मी दीपक कोरंगा बैराज में नहाने के दौरान डूबने लगा। चौकी इंचार्ज अमरपाल यादव, पुलिस का तैराक प्रताप गड़िया उसे बचाने के लिए बैराज में कूदे। गोताखोर ने दीपक को तो निकाल लिया, लेकिन दरोगा अमरपाल भंवर में फंस गए। पुलिसकर्मी उन्हें निकाल कर अस्पताल ले गये। यहां डक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, रविवार को दरोगा अमरपाल का पार्थिव शरीर पुलिस वाहन से उनके घर लाया गया। यहां नम आंखों से कलोनीवासियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। एसएसपी उधमसिंह नगर मंजूनाथ टीसी ने यहां पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया। एसपी चंद्र मोहन सिंह, सीओ अमित कुमार, कोतवाल मनोज रतूड़ी, रामनगर कोतवाल अरुण सैनी, काठगोदाम एसओ प्रमोद शाह ने मृतक दरोगा के अर्थी को कंधा दिया। एसएसपी ने शोक संतृप्त परिजनों को ढांढस बधाया। दरोगा के बड़े भाई ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *