काशीपुर। खेत का रास्ता खुलवाने की लंबे समय से मांग कर रहे किसान ने एसडीएम कार्यालय के बाहर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद एलआईयू और पुलिस कर्मियों ने रोक लिया और डीजल की केन छीन ली। वहीं सूचना पर सीओ चकबंदी, आईटीआई कोतवाली प्रभारी समेत पुलिल फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने किसान को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक ग्राम ढकिया कला निवासी राजकुमार गिरी का भूमि विवाद चल रहा है। मांगों के निस्तारण के लिए वह लगातार अधिकारियों से भी पत्राचार कर रहा है। यहां तक प्रशासन द्वारा उसकी भूमि पर चौपाल लगाकर कई समस्याओं का निस्तारण भी कर दिया गया। अब एक बार फिर किसान राजकुमार ने खेत में जाने वाले रास्ते को खुलवाने की मांग कर दी। साथ ही मांग पूरी न होने पर आत्मदाह की धमकी दी। किसान ने कहा कि रास्ता न होने के कारण वह अपने गन्ने की फसल नहीं काट पाया है। उसकी फसल बर्बाद हो रही है। मंगलवार दोपहर किसान राजकुमार स्कूटी से सीधे एसडीएम कार्यालय परिसर पहुंचा और स्कूटी से केन उतारकर डीजल अपने ऊपर डाल दिया। इसी बीच वहां मौजूद एलआईयू और पुलिस कर्मियों ने किसान को पकड़ लिया और डीजल की केन छीन ली। सूचना पर सीओ चकबंदी प्रदीप कुमार गर्ग, आईटीआई कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सैनी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ चकबंदी ने किसान को समझाने का प्रयास किया और कहा कि सभी कार्य नियमानुसार हो रहे हैं। वहीं किसान आत्मदाह की मांग पर अड़ गया। आरोप लगाया कि उसे न्याय नहीं मिल रहा है। इस पर पुलिस ने किसान को हिरासत में ले लिया और आईटीआई कोतवाली ले आई। जहां किसान का धारा 151 में चालान कर दिया गया।