मंडी में धान की तौल न होने पर भड़के किसान, धरने पर बैठे

Spread the love

रुद्रपुर()। शुक्रवार को मंडी में कच्चे आढ़ती की एक ट्रॉली धान की तौल न होने से नाराज किसानों ने शनिवार सुबह नवीन अनाज मंडी में जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। अराजनैतिक किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सालविंदर सिंह कलसी के नेतृत्व में किसानों ने सुबह नौ बजे मंडी के दोनों गेट बंद कर दिए। देखते ही देखते मंडी परिसर ट्रॉलियों से भर गया और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर तहसीलदार लीना चंद्रा धामी मौके पर पहुंचीं और स्थिति की रिपोर्ट एसडीएम को दी। इसके बाद एसडीएम ऋचा सिंह और आरएमओ लता मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर किसानों व राइस मिलर्स से वार्ता की। किसानों ने बताया कि शुक्रवार को एक राइस मिल ने दो ट्रॉलियां तौल लीं, लेकिन तीसरी ट्रॉली वापस लौटा दी थी। इसको लेकर उन्होंने शुक्रवार को ही एसएमआई के पास जाकर विरोध जताया था। जब शनिवार को भी तौल शुरू नहीं हुई तो किसानों ने धरने का निर्णय लिया। आरएमओ लता मिश्रा ने राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंह को मौके पर बुलाया और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई। हालांकि काफी देर तक चर्चा चलती रही, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। अंततः एसडीएम के अनुरोध पर राइस मिलर्स ने देर शाम से तौल शुरू करने पर सहमति दी। आरएमओ ने बताया कि पुरानी मंडी में पांच नए तौल केंद्र भी शुरू किए गए हैं, जिन पर रोजाना चार से पांच ट्रॉलियों की तौल की जाएगी। धरनास्थल पर अराजनैतिक किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सालविंदर सिंह कलसी, राजेंद्र सिंह मक्कड़, विक्रम सिंह गोराया, सुरजीत कुमार, राजेंद्र कंबोज, संजय सिंह, अमन बठला, सुखविंदर सिंह बठला, विनोद गुंबर, अनिल नारंग, धर्मचंद खेड़ा आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *