फसल का बीमा कराकर नुकसान से बचें किसान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 25 से 30 अप्रैल तक ‘किसान भागीदारी-प्राथमिकता हमारी’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के लालपानी में फसल बीमा पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को फसल का बीमा कराने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि फसल का बीमा कराकर किसान भारी नुकसान से आसानी से बच सकते हैं।
कार्यक्रम में शिरकत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किसानों को कृषि से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कृषि और किसानों के विकास के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ने किसानों के लिए कई प्रकार की योजनाएं शुरू की हैं। साथ ही अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि समय पर योजनाओं का कार्यान्वयन हो और किसानों को इसका लाभ मिले। किसानों को खेती करने के लिए आर्थिक तौर पर परेशानी नहीं हो इसके लिए राज्य के सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी किसानों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कृषकों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कृषि में नई तकनीकी का प्रयोग एवं मृदा स्वास्थ्य परीक्षण के अनुसार खाद का प्रयोग करना, मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाये रखने के लिए कृषकों को सुझाव दिए।
उधर, कार्यक्रम के दौरान न्याय पंचायत पदमपुर के 47 कृषकों ने प्रतिभाग किया। जिसमें 10 कृषकों द्वारा कृषक क्रेडिट कार्ड एवं 18 कृषकों द्वारा फसल बीमा योजना के फार्म भरे गए। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जानकारी के अभाव में बहुत से किसान अपनी फसलों का बीमा नहीं करवाते हैं। ऐसी स्थिति में बारिश, ओलावृष्टि, प्राकृतिक आपदा होने पर उनको नुकसान उठाना पड़ता है। इस अवसर पर उद्यान विशेषज्ञ प्रभाकर सिंह, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अरविंद भट्ट, सहायक कृषि अधिकारी मुकेश त्यागी, सहायक कृषि अधिकारी ओमनाथ, राज गौरव नौटियाल, वीरेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *