गन्ना तोलकेन्द्र से उठान नही होने पर किसानों ने सड़क पर लगाया जाम

Spread the love

 

 

हरिद्वार। किसानों को लक्सर मिल से पर्चियां नहीं दी जा रही है। तोल केंद्र से गन्ने का उठान भी नहीं हो रहा है। इससे नाराज किसानों ने मिल प्रबंधक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तोल केंद पर हंगामा किया। तोल केंद्र शुरू करने की मांग को लेकर एक घंटे तक पथरी ऐथल मार्ग पर किसानों ने जाम लगाया। हालांकि मिल प्रबंधक व ट्रांसपोर्टर के आश्वासन पर किसानों ने जाम खोला। गांव दिनारपुर, सहदेवपुर, चिट्टी कोटि, रानीमाजरा, शाहपुर, बादशाहपुर, पदार्था, झाबरी, फेरुपुर, घिससुपुरा, धनपुरा, कटारपुर, चांदपुर, बहादरपुर जट सहित दर्जनों गांव के किसानों को लक्सर मिल द्वारा गन्ने की पर्चियां समय अनुसार नहीं दी जा रही है। जिसके चलते किसान अपने खेतों को अन्य फसलों के लिये खाली नहीं कर पा रहे हैं। किसानों का आरोप है मील प्रबंधक की गलत नीति के चलते किसानों को समय से पर्चियां नहीं दी जा रही है। अधिकांश किसान गन्ने को मिल में आपूर्ति कर गेहूं की फसलों को लगते हैं। किसान बलविंदर सिंह, किरण सिंह, राजकुमार, सुनील, दीपक ने बताया कि मील प्रबंधक के कर्मचारियों के द्वारा पर्ची जारी करने में देरी की जा रही है। किसान एक-एक पर्ची के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इधर लगभग आठ दिनों से तोल केन्द्र बंद है। तोल केन्द्र से गन्ने का उठान नहीं हुआ है। गन्ना उठान नहीं होने से नाराज किसानों ने दूसरे दिन गुरुवार को दिनारपुर स्थित तोल केन्द्र पर हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगाया। लक्सर मिल के डिप्टी जीएम सुरेश शर्मा ने बताया कि गन्ना उठान में देरी होने के कारण तोल केन्द्र बन्द था। तोल केन्द्र से गन्ना उठान का कार्ये शुरू कर दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *