संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

रुद्रपुर। लखीमपुर खीरी किसानों को रौंदने के मामले में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। कहा लखीमपुर खीरी के मामले को कई दिन बीत चुके है, लेकिन अभी तक आरोपी मंत्री पुत्र के पिता को केंद्रीय मंत्रीमंडल से बर्खास्तगी की कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की।
मंगलवार को किसानों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कहा तीन अक्तूबर को लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बेटे ने साथियों के साथ मिलकर थार कार से किसानों को रौंदने की घटना को अंजाम दिया। इसमें किसान नेता विर्क घायल हो गए थे और कई किसानों सहित एक पत्रकार की मौत भी हो गई थी। उनका आरोप था कि मोदी सरकार को ऐसे आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को तत्काल पद से मुक्त देना चाहिए था। जिससे लखीमपुर खीरी कांड की निष्पक्ष जांच हो सके। इसके अलावा किसानों ने मंत्री की बर्खास्तगी, किसानों को रौंदने की घटना की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एसआईटी जांच करवाने, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री की गिरफ्तारी की मांग की। कहा आरोपी मंत्री को 120बी का आरोपी बनाया गया है। उन्होंने आगाह किया कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया तो मोर्चा के आह्वान पर आंदोलन किया जाएगा। यहां भाकियू चढ़ुनी के जिलाध्यक्ष साहब सिंह सेखो, मलूक सिंह, शमशेर सिंह गिल, लखदीप सिंह, गुरवीर सिंह, जितेंद्र सिंह जीतू, सलविंदर सिंह कल्सी, गुरसेवक सिंह, प्रभजोत सिंह, विक्रम सिंह, धर्मपाल सिंह, राजा सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *