हरिद्वार()। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने रोशनाबाद स्थित जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। किसानों ने भारत-अमेरिका के बीच हुए समझौते का विरोध जताया। किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता कर किसानों को खत्म करने की साजिश की है। समझौते को रद्द किया जाए। जनता को यूजीसी और अन्य मुद्दों में उलझाकर कृषि उत्पादों को अमेरिका से मंगाया जा रहा है। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि यह सरकार किसान विरोधी है। लोगों को धर्म के नाम पर बांटकर इस प्रकार के समझौते किए जा रहे हैं। किसानों को स्वयं को बचाने के लिए संघर्ष करना होगा। सरकार किसानों का शोषण कर रही है। यह समझौता किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर करेगी। कमजोर प्रधानमंत्री देश को गलत दिशा में ले जा रहे हैं। जो विपक्ष किसानों की बात करती है, उसको बोलने नहीं दिया जाता। जिलाध्यक्ष विजय कुमार शास्त्री ने कहा कि अमेरिका अपने उत्पादों में तो टैरिफ लगा रहा है लेकिन भारत से जाने वाले उत्पाद बिना टैरिफ के जाएंगे। डेयरी सेक्टर पर हमला किया गया है। लाखों दुग्ध उत्पादकों पर इसका बुरा असर पड़ेगा। सूबा सिंह ढिल्लो ने कहा कि यह समझौता केवल व्यापार का मामला नहीं है बल्कि किसान की आय, रोजगार आदि पर खतरा डालने वाला है। उन्होंने कहा कि समझौता रद्द नहीं होता है तो संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली कूच किया जाएगा। इस अवसर पर गुरविंदर सिंह, गुरपेज सिंह, वेदपाल पंवार, पंकज चौधरी, प्रदीप कुमार, लवदीप सिंह, नीलू, आशु त्यागी, गुड्डू चौधरी, सुकराम पाल, मास्टर कुंवर पाल, अजय शर्मा, अनुराग शर्मा, शोभाराम, आकाश सचदेवा, खेमचंद चौधरी, परवेज, चमन प्रकाश, सुदीप चौधरी, मेजर राणा, प्रबोध राणा, हरपाल, वेदपाल चौधरी, परगट सिंह, लोकेंद्र राठी, सुखा चौधरी, जोगेंद्र सिंह, जगमोहन कपूर, सतीश कुमार, सुधीर, शिवम चौधरी आदि सैकड़ों किसान शामिल रहे।