जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : शुक्रवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से ही जिलेभर में रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश होने से तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड में इजाफा हो गया है। बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शहर में कई जगह अलाव की व्यवस्था की गई। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते हुए नजर आए।
लगभग तीन माह बाद पहली बार सर्दियों की अच्छी बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई। शुक्रवार दोपहर बाद शुरू हुई बारिश शाम तक जारी रही। सितंबर माह के बाद पहली बार शुक्रवार को अच्छी बारिश हुई। क्षेत्र की दीवा, गुजड़ूगढ़ी आदि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। ग्रामीणों का मानना है कि खेती बाड़ी, बागवानी के लिए बारिश संजीवनी का काम करेगी। लंबे समय से बारिश न होने से नदी-गधेरों और जल स्रोतों का जलस्तर घटने लगा था। अच्छी बारिश होने से जल स्रोतों का जल स्तर बढ़ने की उम्मीद है।