3 साल की बेटी को लेकर फरार पिता सड़क हादसे में घायल

Spread the love

– बेटी की कस्‍टडी के लिए कोर्ट में चल रहा था केस
रुड़की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस से बचने के लिए तीन साल की बेटी को लेकर भागा पिता सड़क हादसे में घायल हो गया। घायल को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बच्ची का अभी पता नहीं चल पाया है। कोर्ट ने बच्ची को उसकी मांग को सौंपने के आदेश दिये थे। पुलिस बच्ची की तलाश कर रही है।
देहरादून निवासी एक युवती की शादी करीब पांच साल पहले सिविललाइंस रुड़की निवासी एक युवक से हुई थी। इनके तीन साल की बच्ची है। पिछले कुछ समय से पति पत्नी में विवाद है। इसके चलते ही महिला अपने मायके में रह रही है। महिला की बेटी पिता के पास है। महिला ने जेएम तृतीय देहरादून की अदालत में बेटी को उसकी सुपुर्दगी में सौंपे जाने की मांग की थी। अदालत ने महिला के पति को बच्ची सौंपे जाने के आदेश रुड़की सिविललाइंस कोतवाली पुलिस को दिये थे। सिविललाइंस कोतवाली पुलिस को शनिवार को अदालत के आदेश प्राप्त हुए। जिसके बाद पुलिस महिला के पति के घर पहुंची। पुलिस के आने की भनक लगने पर पति पहले ही बच्ची को लेकर घर से भाग निकला। पुलिस और महिला अपनी बेटी को तलाश करती रही।
वहीं रविवार को पुलिस को पता चला कि जिस पति की तलाश की जा रही है। वह रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी में सड़क हादसे में घायल हुआ है। जिसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी होने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। वहां पर पुलिस केा पति तो मिला लेकिन बच्ची का पता नहीं चल पाया। पुलिस बच्ची की तलाश कर रही है।
उप निरीक्षक नरेंद्र राठी ने बताया कि पुलिस बच्ची की बरामदगी के प्रयास कर रही है। बच्ची के मिलने पर उसे उसकी मां की सुपुर्दगी में दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *