रुद्रपुर()। बेटे की शादी का निमंत्रण देने पीलीभीत गए एक पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। लौटते समय उनकी बाइक अचानक कुत्ते से टकराकर असंतुलित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई। निर्मलनगर 20 क्वार्टर गांव निवासी 58 वर्षीय खगेन सरदार पुत्र प्रफुल्ल सरदार के बेटे दीपांकर की नौ मार्च को शादी निर्धारित है। गुरुवार को खगेन सरदार गांव के एक व्यक्ति के साथ बाइक से पीलीभीत के रिश्तेदारों को निमंत्रण देने गए थे। शाम को पूरनपुर से लौटते समय अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। टक्कर के बाद बाइक फिसल गई और खगेन सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि हेलमेट पहने साथी को मामूली चोटें आईं। घायल खगेन को पहले पूरनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव घर ले आए थे, लेकिन सूचना मिलने पर सितारगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। खगेन सरदार अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। घर में चल रही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। एसएसआई राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को सितारगंज कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। शव परिजनों को सौंप दिया है। घटनास्थल पीलीभीत जनपद का है जांच पीलीभीत जनपद की पुलिस करेगी।