दुगड्डा-गुमखाल के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना है हादसों का अंदेशा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा-गुमखाल के मध्य राष्ट्र्रीय राजमार्ग के हिस्से की मरम्मत नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वर्षाकाल में धराशायी हुए इस हिस्से की मरम्मत की सुध सरकारी सिस्टम नहीं ले रहा। जबकि, हिस्से की नींव लगातार खोखली होती जा रही है। सबसे अधिक दुर्घटनाओं का खतरा रात के अंधेरे में बना रहता है।
दुगड्डा-गुमखाल के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आवागमन करते हैं। लेकिन, 15 किलोमीटर लंबे सफर के दौरान वाहन चालकों की सांसे अटकी रहती हैं। जगह-जगह क्षतिग्रस्त हाईवे सफर करने वालों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। देवीखाल से पूर्व हाईवे का हिस्सा वर्षाकाल में ढह गया था। वर्षाकाल में मरम्मत कार्य नहीं होने की बात कहते हुए सरकारी सिस्टम ने उक्त स्थान पर मिट्टी के टीले लगाते हुए बचे हुए हिस्से से आवागमन शुरु करवाया। लेकिन, वर्तमान में वर्षाकाल को थमे कई माह हो चुके हैं। बावजूद अब तक सरकारी सिस्टम ने इस हिस्से की मरम्मत नहीं की। जबकि, हाईवे की नींव लगातार खोखली हो रही है। वहीं, मार्ग पर पैराफिट व संकेतक भी नहीं है। ऐसे में वाहन चालकों को आगे आने वाले डेंजर जोन का भी अंदाजा नहीं लग पाता। जबकि, स्थानीय लोग कई बार सरकारी सिस्टम से हाईवे की मरम्मत की मांग उठा चुके हैं। बावजूद सिस्टम लापरवाह बना हुआ है।