पागल कुत्ते का खौफ, 2 घंटे में 11 लोगों को काटा; मासूम बच्ची के चेहरे को बुरी तरह नोचा

Spread the love

बाराबंकी , उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में आवारा कुत्तों के आतंक ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हैदरगढ़ क्षेत्र में बुधवार को एक पागल कुत्ते ने ऐसा कोहराम मचाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। महज दो घंटे के भीतर इस कुत्ते ने राह चलते 11 लोगों पर हमला कर उन्हें अपना शिकार बना लिया। वहीं, कोठी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची के चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर हालत में बच्ची को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बाजार से मस्जिद तकज् जो मिला उसे बनाता गया शिकार
हैदरगढ़ कस्बे में बुधवार शाम करीब चार बजे एक पागल कुत्ता घुस आया और जो भी उसके रास्ते में आया, उस पर झपट पड़ा। आतंक का यह सिलसिला हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग से शुरू हुआ, जहां मालिनपुर से बाइक पर आ रहे 22 वर्षीय अंकुश के पैर में कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद कुत्ते ने सड़क पार कर रहे लिल्हौरा वार्ड के कुंदन कुमार और विमला देवी को अपना निशाना बनाया। मुख्य चौराहे के पास पान की दुकान पर जा रहे दयाशंकर मिश्र पर भी कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उनका पैर मुंह में भर लिया। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को खदेड़कर उनकी जान बचाई। रायबरेली मार्ग पर आगे बढ़ते हुए कुत्ते ने मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे बुजुर्ग हनीफ समेत मोहम्मद दाऊद, अनवर, निसार अहमद और 9 साल की बच्ची अल फिजा को भी काट खाया।
लाठी-डंडे लेकर दौड़े लोग, जंगल की तरफ भागा कुत्ता
शाम चार बजे से छह बजे तक पागल कुत्ते ने पूरे कस्बे में दहशत का माहौल बना दिया। लगातार हो रहे हमलों से घबराए स्थानीय लोग लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर निकल आए। भीड़ को अपनी तरफ आता देख कुत्ता पास के जंगल की ओर भाग निकला, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और नगर पंचायत अध्यक्ष को सूचना देकर मांग की है कि जल्द से जल्द इन आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *