सफाई कर्मियों को नोटिस देने पर भड़का महासंघ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम में तैनात 15 सफाई कर्मियों को कारण बताओ नोटिस थमाने पर देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि नगर निगम कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। कुछ लोग सफाई कर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगा रहे हैं और नगर निगम आरोपों की जांच किए बिना ही कुछ सफाई कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी कर रहा है।
महासंघ से जुड़े सफाई कर्मी नगर निगम के समीप मालवीय उद्यान पार्क में एकत्रित हुए। जहां उन्होंने निगम की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े किए। महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह घाघट ने बताया कि सफाई कर्मचारी पूरी ईमानदारी के साथ आपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। लेकिन, नगर निगम उनका शोषण कर रहा है। बताया कि कुछ लोगों ने नगर निगम सफाई कर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया था। जिस पर नगर निगम ने बिना जांच किए हुए 15 सफाई कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। यही नहीं, तीन दिन तक कारण न बताने पर नौकरी से निकालने की भी चेतावनी दी गई है। बताया कि बिना जांच इस तरह की कार्रवाई किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि नगर निगम ने अपना नोटिस वापस नहीं लिया तो सफाई कर्मचारी तीन दिन बाद कार्य बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर मनोज वैद्य, वीरेंद्र सिंह ढींगिया, विनोद खत्री आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *