ऋषिकेश()। तीर्थनगरी ऋषिकेश में बुधवार को मौसम अचानक बदल गया। सुबह से आसमान काले घने बादलों से ढका रहा है, जिसके चलते ठंडक भी बढ़ गई। बाजार में भी मौसम सर्द होने से चहल-पहल कम रही। पिछले कई दिनों से चटक धूप की वजह से स्थानीय लोगों को गर्मी का अहसास होना शुरू हो गया था। स्थिति यह थी कि दिन में लोग जर्सी-स्वेटर और जैकेट उतार कर टीशर्ट में घूमते नजर आ रहे थे, लेकिन बुधवार सुबह अचानक से मौसम ऐसा बदला कि फिर से लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। सुबह से लेकर दिन तक सूर्यदेव की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पाई। ठंडे मौसम की वजह से बाजार में रौनक कम ही दिखी, जिसके चलते रात को बाजार भी जल्दी ही बंद हो गया। हालांकि, अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, मगर दिन में यह पारा 16 डिग्री तक भी पहुंचा। शाम को सार्वजनिक स्थलों पर ठंड से राहत के लिए लोग अलाव का सहारा लेते हुए भी दिखे। राज्य मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि मौसम में फेरबदल की संभावना बनी हुई है। सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़े ऋषिकेश। मौसम में बदलाव के साथ ही सरकारी अस्पताल की ओपीडी में भी बुधवार को मरीजों की भीड़भाड़ अधिक दिखी। ज्यादातर मरीज सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार से ग्रसित मिले। ओपीडी में इस तरह की मरीजों की संख्या 100 तक पहुंची। जबकि, करीब 300 अन्य तरह की मरीजों ने भी इलाज के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। फिजिशियन डॉ. अमित रौतेला ने बताया कि मौसम में बदल रहा है, जिसमें स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह मरीजों को दी जा रही है। बताया कि दवाओं के साथ उन्हें फिलहाल गर्म कपड़ों से परहेज नहीं करने और कोहरे में मास्क पहनकर ही निकले आदि की सलाह दी जा रही है।